वाराणसीः आफत की बारिश और ओला से पारा पांच डिग्री गिरा, अभी दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

वाराणसीः आफत की बारिश और ओला से पारा पांच डिग्री गिरा, अभी दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम


शहर और जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह हल्की जबकि शाम को तेज बारिश हुई। शहर के कुछ क्षेत्रों में ओले भी गिरे। लगभग पूरे दिन बादलों के छाये रहने और शाम छह बजे के आसपास तेज हवा के साथ हुई बारिश से अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। इस बारिश व ओलावृष्टि से आम समेत सब्जी, गेहूं, सरसों आदि को भारी क्षति की आशंका है। 


मौसम के मिजाज में बदलाव का अंदाजा पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में अंतर से लगाया जा सकता है। गुरुवार से शुक्रवार के बीच तापमान में पांच डिग्री से अधिक का अंतर दिखा है। शुकवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री रहा। यह औसत से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। 


शुक्रवार को सुबह भी बारिश हुई। आकाश में काफी देर तक बादल रहे। फिर धूप निकली। शाम को गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। वरुणापार पांडेयपुर, लालपुर, पहड़िया आदि क्षेत्रों में ओले भी गिरे। ग्रामीण इलाकों में कहीं-कहीं करीब 45 मिनट तक पानी बरसा।  इस बारिश ने किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इससे रबी की फसलों को नुकसान होगा। शहरी क्षेत्रों में कई इलाकों में फिसलन हो गई। 


मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसएन पांडेय का कहना है कि एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर भारत में बारिश का सिस्टम बन जा रहा है। अभी 14 मार्च तक बारिश की संभावना है। मौसम की वेबसाइट स्काईमेट के अनुसार 16 मार्च से मौसम शुष्क हो जाएगा। दिन के तापमान में वृद्धि होगी। 


तापमान का उतार-चढ़ाव 
13 मार्च     26.8         19.6
12 मार्च    31.5        17.2
11 मार्च    27.4        12.0
10 मार्च    23.0        12.0
8 मार्च    28.6        14.5
7 मार्च-       28.6        14.8 
6 मार्च-    30.0                15.4
5 मार्च-    30.0         16.4
4 मार्च    30.2        16.4
3 मार्च    30.2        16.7